जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को समस्याओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उक्रांद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनांदोलन शुरू किया जाएगा।

उक्रांद नेता मुकेश बिष्ट और संदीप रौतेला के नेतृत्व में रिखणीखाल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन पहाड़ के बेहतर विकास और स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन आज भी पर्वतीय क्षेत्रों के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सुविधाओं के अभाव में लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वक्ताओं ने रिखणीखाल-धुमाकोट क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीवों के आतंक पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कुछ दिन पूर्व भालू के हमले में घायल एक महिला की मौत होने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता के कारण ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। रात के समय जंगली जानवर ग्रामीणों के आंगन तक पहुंच रहे हैं, जिससे विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उक्रांद नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर सरकार और संबंधित विभागों को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को एकत्रित कर ज्ञापन राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। दल ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।