कैबिनेट मंत्री बोले तीर्थाटन सर्किट से जुड़ेगा ताराकुंड

Spread the love

कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बड़ेथ गांव से करीब पांच किमी. की पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी देवी मंदिर देवलगढ़, कमलेश्वर महादेव और मां धारी देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को तीर्थाटन सर्किट से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा।


मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने ताराकुंड के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। उन्होंने सड़क संपर्क सुचारु बनाने, झील के सौंदर्यीकरण, विश्राम गृह एवं ध्यान केंद्र के निर्माण व श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन सर्किट से जोड़कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए विकास कार्यों में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण सुनीता रावत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज रावत, मंडल अध्यक्ष पैठाणी विजय रौथाण, जिला पंचायत सदस्य टीला शिव चरण नौडियाल, पूर्व उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, ग्राम प्रधान पल्ली दिनेश लाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *