जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकास भवन सभागार में डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया प्रशासनिक अकादमी (एटीआई), नैनीताल के सहयोग से तीन दिवसीय प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। इस मौके पर एटीआई नैनीताल के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यशाला के तहत सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 और लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम पर प्रशिक्षण दिया गया। 14 अक्तूबर को पदोन्नति, चयन वेतनमान, वेतन निर्धारण, समयमान वेतनमान, एसीपी और एमएसीपी से संबंधित जानकारी दी जाएगी। वहीं 15 को आपदा प्रबंधन और इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) पर क्षमता विकास प्रशिक्षण होगा। सीडीओ अशोक जोशी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्मिकों को नियमों और प्रक्रियाओं की बेहतर समझ देने के साथ कार्य क्षेत्र की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान खोजने में सहायक होते हैं। बीजीआर परिसर के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश रावत, अधिवक्ता रंजना डे, स्वजल परियोजना प्रबंधक दीपक रावत, परियोजना निदेशक विवेक उपाध्याय, डीएसटीओ राम सलोने, उरेडा परियोजना प्रबंधक चंद्रप्रकाश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।