जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से कुल 145 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई, जिनमें से 31 खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए गए। हालांकि, जांच में कोई भी खाद्य पदार्थ मानव उपभोग के लिए असुरक्षित नहीं पाया गया।

जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में डिप्टी कमिश्नर लैब वीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में 12 और 13 अक्टूबर को खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान दूध एवं दुग्ध पदार्थों के 21, मिठाई के 42, ऑयल एंड फैट के 15, मसालों के 33, सीरियल एवं सीरियल प्रोडक्ट के 14 तथा अन्य श्रेणियों के 20 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच में 31 खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए जाने पर विभागीय टीम ने संबंधित कारोबारियों को मौके पर ही आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। विभाग का उद्देश्य त्योहारी सीजन में बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोटद्वार संदीप मिश्र, फूड एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी, लैब असिस्टेंट गौरव नेगी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य तथ्य: 145 खाद्य पदार्थों की जांच में 31 अधोमानक मिले, जबकि कोई भी खाद्य पदार्थ मानव उपभोग के लिए असुरक्षित नहीं पाया गया।