कोटद्वार विधानसभा से अधिवक्ता रोहित डंडरियाल को बनाया प्रत्याशी, क्षेत्रीय दलों से गठबंधन की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड डेमोक्रेटिक पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी ने भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों पर उत्तराखंड के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों को प्रदेश के हितों से कोई सरोकार नहीं है, जिसके चलते उत्तराखंड विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने भू-कानून, मूल निवास और जल, जंगल व जमीन जैसे मुद्दों पर भी राष्ट्रीय पार्टियों को घेरा।

मंगलवार को देवी रोड स्थित उत्तराखंड डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आशुतोष नेगी ने पार्टी की चुनावी रणनीति साझा की। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर लोकतांत्रिक गठबंधन बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समान क्षेत्रीय मुद्दों और विचार धारा वाले दलों से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया, ताकि भाजपा और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों को सत्ता से बाहर किया जा सके। इस दौरान उन्होंने कोटद्वार विधानसभा सीट से अधिवक्ता रोहित डंडरियाल को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए क्षेत्रीय दलों को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। उन्होंने सभी क्षेत्रीय दलों से प्रदेश के भविष्य को बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड डेमोक्रेटिक पार्टी भू-कानून, मूल निवास, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने और हिंसक वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने जैसे स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पीछे पहाड़ के लोगों के हितों की रक्षा और बेहतर विकास की परिकल्पना थी, लेकिन आज भी प्रदेश की जनता कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। नेगी ने प्रदेश की जनता से क्षेत्रीय दलों को मौका देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय हितों की रक्षा और प्रदेश के संसाधनों पर यहां के लोगों के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय नेतृत्व को मजबूत करना जरूरी है। पत्रकार वार्ता में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष बलवींद्र सिंह, अधिवक्ता रोहित डंडरियाल, मेजर संतोष भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।