चार साल से अधूरा पिलंग पुल, अब गंगोत्री हाईवे जाम की चेतावनी

Spread the love

उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के पिलंग गांव का 48 मीटर स्पान का स्टील गार्डर मोटर पुल पिछले चार साल से अधर में लटका पड़ा है। ब्रिडकुल विभाग की सुस्त कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर साफ चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो मल्ला, भटवाड़ी में गंगोत्री हाईवे पर चक्का जाम कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था, लेकिन 2026 आने के बाद भी पुल अधूरा पड़ा है। बीते माह जनवरी में भी ग्रामीणों ने डीएम और ब्रिडकुल के अधिकारियों को पत्र देकर समस्या बताई थी, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अब बरसात शुरू होने के साथ नदी का जलस्तर बढ़ गया है और गांव का वैकल्पिक रास्ता भी बंद हो चुका है। इससे पिलंग गांव का जिला मुख्यालय और बाजार से संपर्क लगभग कट गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने कहा कि अब केवल आंदोलन ही आखिरी रास्ता बचा है। चारधाम यात्रा के बीच गंगोत्री हाईवे जाम की चेतावनी से प्रशासन और ब्रिडकुल विभाग की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ग्राम प्रधान दीपा राणा ने कहा कि 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी और मल्ला में हाईवे पर चक्का जाम करेंगे। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य ज्योति राणा, विजयपाल सिंह, चंदन सिंह, नागेंद्र सिंह राणा, अतर सिंह चौहान, सुमन राणा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *