जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नौ मई को ध्रुवपुर निवासी 17 वर्षीय गौरव चौहान की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मालूम हो कि मामले में कुछ दिन पूर्व लोगों ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ भी प्रदर्शन किया था।
बताते चलें कि बीती नौ मई की रात गढ़वाली टंकी निवासी गौरव चौहान (17 वर्ष) पुत्र पुष्कर सिंह को बेहोशी की हालत में राजकीय बेस चिकित्सालय में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के पिता पुष्कर सिंह की तरफ से मामले में तहरीर दी गई थी। तहरीर में कहा गया था कि बीती नौ मई को शाम करीब बजे अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पुत्र गौरव सिंह को फोन कर घर से बुलाया। बाद में उनके पुत्र से मारपीट कर, डरा धमकाकर, ब्लैकमेल कर, जबरदस्ती दवाब बनाकर उसे जबरदस्ती जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद शाम करीब पौने आठ बजे घर के आगे नशे की हालत में छोड़ दिया गया। नशीले पदार्थ के कारण उनके पुत्र की तबीयत अत्यधिक खराब होने लगी। स्वजन उसे बेस अस्पताल कोटद्वार ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। तहरीर में अज्ञात व्यक्तियों विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही करने की मांग की गई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।