कौड़िया में पनियाली गदेरे पर बनेगा स्टील गार्डर पुल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप के समीप पनियाली गदेरे पर जल्द ही स्टील गार्डर पुल बनेगा। लोनिवि दुगड्डा ने 36 मीटर स्टील गार्डर पुल निर्माण के लिए 3.21 करोड़ की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी है। पुल मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल है।
वर्ष 2023 में आई आपदा के दौरान पनियाली गदेरे में आई बाढ़ से कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप के समीप पनियाली गदेरे में बनी डाट पुलिया बह गई थी। इससे काशीरामपुर तल्ला के अनूप विहार कॉलोनी के लोगों के साथ ही सेना को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उस समय लोनिवि दुगड्डा ने यहां पांच लाख रुपये की लागत से ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया था। बीते वर्षाकाल में वैकल्पिक मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया था। बरसात के दिनों में लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, मार्ग अवरुद्ध होने पर सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को होती है। स्कूल बस व घरेलू गैस सिलिंडर की गाड़ी कॉलोनी में नहीं पहुंच पाती है। लोगों को रेल लाइन पार कर पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। 20 मार्च, 2024 को कोटद्वार आगमन के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल के निर्माण की घोषणा भी की थी। अनूप विहार कॉलोनीवासियों की मांग पर लोनिवि दुगड्डा ने स्टील गार्डर पुल के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेज दी है।
बॉक्स समाचार
कौड़िया में गबर सिंह कैंप के समीप पनियाली गदेरे पर 36 मीटर स्टील गार्डर पुल के निर्माण के लिए 3.21 करोड़ की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजी गई है। डीपीआर को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
– निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता, लोनिवि दुगड्डा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *