मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देश, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने शनिवार को मासिक अपराध की समीक्षा बैठक ली। एसएसपी ने थानों में लम्बित विवेचनाओं के प्रति सख्त रूख अपनाते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को छोटे-मोटे अपराधो का निस्तारण 15 दिवस के भीतर व इसी प्रकार से अन्य अपराधों का निस्तारण आवश्यक रूप से 60 व 90 दिवस में करना नितांत आवश्यक है। कहा कि जिन थानों में विवेचनाएं अनावश्यक रूप से लंबित रहेंगी उन थानों में संबंधित प्रभारी एवं विवेचक के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सभी विवेचक ई-साक्ष्य एप में भी शत-प्रतिशत कार्यवाही करें। एसएसपी ने कहा कि थाना प्रभारी ई-एफआईआर दर्ज करने में कोई भी कोताई ना बरते।
पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जनपद में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, कानून व्यवस्था की स्थिति, जनसुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन अभियान तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई एवं जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियान, जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण बेहतर पुलिसिंग के महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए इनके संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन, सत्यापन अभियान, अपराधियों की धरपकड़, ऑपरेशन प्रहार एवं जन-जागरूकता अभियानों सहित सभी विशेष अभियानों को लक्ष्य आधारित एवं परिणामोन्मुखी तरीके से संचालित करने के साथ ही नियमित समीक्षा कर उसकी प्रगति, उपलब्धियों एवं कमियों का विश्लेषण सुनिश्चित किए जाएं। एसएसपी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं व पीड़ितों की सुविधा हेतु ई-एफआईआर व जीरो एफआईआर की सुविधाओं का प्रावधान है, जिसके तहत बिना थाना आये एफआईआर पंजीकृत की जा सकती है। इस प्रकार की कोई भी शिकायत प्राप्त होने पर थाना प्रभारी तुरंत उस पर एफआईआर दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। क्योंकि जनपद में अब तक मात्र 05 ई-एफआईआर ही पंजीकृत हुई हैं, जो अपेक्षाकृत कम संख्या है। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, अभियोजन अधिकारी जावेद अहमद, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती अस्मिता मंमगाई, सीएफओ राजेंद्र खाती आदि मौजूद रहे।
सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करें
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने नशामुक्त अभियान के तहत स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे के विरुद्ध कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि इसके पीछे सक्रिय पूरे तंत्र को चिन्हित कर प्रभावी रूप से ध्वस्त किया जाए। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल स्रोतों, सप्लायरों, परिवहनकर्ताओं, आर्थिक सहयोगियों एवं संरक्षण देने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करें। इसके साथ ही नशा प्रभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं चिन्हित ड्रग्स हॉटस्पॉट्स पर विशेष निगरानी बढ़ाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने, सघन गश्त करने, आकस्मिक निरीक्षणों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सत्यापन अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से किरायेदारों, घरेलू सहायकों, बाहरी श्रमिकों, फेरी-फड़ व्यवसायियों, निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों, छात्रों एवं अन्य बाहरी व्यक्तियों का समयबद्ध एवं अनिवार्य सत्यापन करने को कहा। एसएसपी ने कहा कि सत्यापन अभियान केवल औपचारिकता न होकर अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत जनपद में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसी भी संवेदनशील विषय, घटना अथवा सूचना पर पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जनभावनाओं से जुड़े मामलों पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा स्थानीय स्तर पर संवाद, समन्वय एवं विश्वास की भावना को मजबूत बनाया जाए। एसएसपी ने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखने, अफवाहों का त्वरित खंडन कर तथ्यों को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनशिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता
मासिक अपराध बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत आमजन की अपेक्षाओं से जुड़ी होती है, इसलिए उसका निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। एसएसपी ने शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
17 पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने मई माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिसमें उपनिरीक्षक दिनेश चमोली, राजराम डोभाल, विनोद चपराना, अपर उपनिरीक्षक विजय नौटियाल, मुख्य आरक्षी करन सिंह, बलबीर, संदीप, राजूलाल, आरक्षी रविन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह, चन्द्रपाल, दिनेश दिलवाल, टीपी निर्मल कुमार, बद्रीलाल, सुरेन्द्र कुमार, होमगार्ड कुलदीप, अमन कुमार शामिल थे।