भवन निर्माण के नाम पर लाखों लेकर फरार हुआ ठेकेदार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भवन निर्माण के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद ठेकेदार के लापता होने से पदमपुर क्षेत्र का एक परिवार न्याय के लिए प्रशासन के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़ित ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
वार्ड संख्या 31 निवासी कमला प्रसाद ने 31 अक्टूबर 2025 को एक ठेकेदार से करीब 29 लाख रूपये में मकान निर्माण का अनुबंध किया था। समझौते के अनुसार आठ माह में निर्माण कार्य पूरा होना था। पीड़ित के अनुसार वह अब तक ठेकेदार को 25 लाख रुपये का भुगतान कर चुके हैं, लेकिन मकान में खिड़कियां, दरवाजे, चौखट, विद्युत फिटिंग, फिनिशिंग, पेंट-पुट्टी समेत कई जरूरी कार्य अभी भी अधूरे हैं। आरोप है कि पिछले एक माह से ठेकेदार न तो संपर्क में है और न ही उसका मोबाइल फोन चालू है। इससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर क्षेत्रीय पार्षद सौरभ नौडियाल ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए ठेकेदार का पता लगाकर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान मनोज शाह, दीपक खत्री और रवींद्र रावत भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *