जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र की न्याय पंचायत लक्ष्मणपुर के झंडीचौड़ में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और कृषि व उद्यान विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर का शुभारंभ कृषि विभाग के ब्लॉक प्रभारी केहर सिंह चौधरी और पार्षद सुखपाल शाह ने किया। केहर सिंह चौधरी ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता लगातार घट रही है। उन्होंने किसानों से खेतों की उपजाऊ शक्ति बनाए रखने के लिए जैविक खेती को अपनाने की अपील की। इस दौरान पार्षद सुखपाल शाह और जेपी बहुखंडी ने किसानों की समस्याएं उठाते हुए कहा कि कई किसानों को सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के नगर निगम में शामिल होने के बाद सिंचाई गूलों का निर्माण और ग्राम पंचायतों की कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उद्यान विभाग के डॉ. प्रशांत राठौर ने किसानों को विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पॉलीहाउस निर्माण पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा कृषि यंत्रों और बागवानी से जुड़ी कई योजनाओं का लाभ भी किसान उठा सकते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।