श्रीनगर गढ़वाल : नगरासू, रुद्रप्रयाग प्रकरण और राज्य की कानून-व्यवस्था के संबंध में लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों की ओर से सभा आयोजित की गई। वक्ताओं ने सरकार से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
पीपलचौंरी में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का अतिथि देवो भव: की भावना के साथ स्वागत किया जाता है, लेकिन क्षेत्र की अस्मिता का अपमान, हुड़दंग और अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। राज्य आंदोलनकारी प्रभाकर बाबुलकर ने नगरासू घटना को प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं की कमी से लगातार अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। आंदोलनकारी सरस्वती देवी ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मामले को सामाजिक और क्षेत्रीय विभाजन का रूप देने से बचना चाहिए। डॉ. मुकेश सेमवाल ने सरकार पर यात्रा व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं भारत सिंह असवाल और दिगंबर सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। सभा में अनिल स्वामी, अनिल तिवारी, पृथ्वी बिष्ट, तन्मय, शंभू, अशोक सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। (एजेंसी)