बिग ब्रेकिंग

पौड़ी गढ़वाल में दिव्यांग चंदन को है मदद की दरकार, नहीं सुन रही सरकार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
विकासखंड थलीसैण के डडोली मल्ली गांव के दिव्यांग ग्रामीण की गुहार कोई नहीं सुन रहा है। दिव्यांग के घर की छत जर्जर बनी हुई है। बारिश होते ही घर की छत से पानी रिसता रहता है। जिससे वे गीले बिस्तर में ही सोने को मजबूर रहते हैं। दिव्यांग का कहना है कि वे प्रधान, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्य से लेकर उच्च शिक्षा मंत्री से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कोई मेरी सुध लेने को तैयार नहीं है। वहीं ग्राम प्रधान का कहना है कि दिव्यांग व्यक्ति के घर की छत छालने के लिए पंचायत प्रशासन तैयार है, लेकिन वे नया घर बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।

विकासखंड थलीसैण के डडोली मल्ली गांव में दिव्यांग चंदन सिंह रावत रहते हैं। वे दोनों आंखों से दिव्यांग हैं। दिव्यांग चंदन का कहना है कि मेरे घर (छोटी सी कोठरी) की छत जर्जर हो चुुकी है। मैं विगत 20 वर्षों से नया घर बनवाए जाने की मांग कर रहा हूं। लेकिन कोई मेरी सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य से लेकर उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से गुहार लगाई गई है। चंदन ने कहा कि हर कोई चुनाव में मतदान के समय मुझे नया आशियाना दिलाए जाने का भरोसा देता है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद किसी ने भी मेरी समस्या का समाधान आज तक नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के लिए अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन उत्तराखंड सरकार कैसी है, जो एक दिव्यांग की समस्या का समाधान तक नहीं कर पा रही है। दूसरी ओर किसी ग्रामीण ने दिव्यांग चंदन सिंह के जर्जर घर, बारिश से टपकती छत की दुर्दशा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है। वीडियो में दिव्यांग सरकार से गुहार लगा रहे हैं। वहीं ग्राम प्रधान डडोली मल्ल्ी गोविंद सिंह ने बताया कि दिव्यांग की मदद के लिए पंचायत प्रशासन ने घर की छत डाले जाने का प्रयास किया, लेकिन दिव्यांग ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग नया घर बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, जो पंचायत प्रशासन नहीं कर पा रहा है। हालांकि पीएम आवास योजना में उन्हें घर दिए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग पेंशन, नि:शुल्क राशन, महामारी के दौरान लगातार उनकी मदद पंचायत प्रशासन ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!