प्रांतीय खेलकूद में हरिद्वार संकुल ने मारी बाजी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार स्टेडियम में आयोजित 38वें प्रांतीय खेलकूद समारोह में हरिद्वार संकुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 14 संकुलों से पहुंचे करीब 450 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान विद्या भारती के वरिष्ठ प्रचारक सुनील, प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह, प्रांत खेल संयोजक रविंद्र रावत, गढ़वाल संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल और कुमाऊं संभाग निरीक्षक सुरेशानंद जोशी मौजूद रहे। खेल प्रतियोगिताएं अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में कराई गईं। खिलाड़ियों ने दौड़, कूद और फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर हरिद्वार संकुल ने तीनों आयु वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। अंडर-14 में देहरादून दूसरे और रुद्रपुर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 में रुद्रपुर ने दूसरा तथा देहरादून ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 में देहरादून दूसरे और काशीपुर तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अनुष्का फुलारा और अंकिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजयपाल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। समापन समारोह में इंद्रपाल परमार, गिरीश जोशी, मदन जलाल, निरंजन कुमार समेत आयोजक समिति से जुड़े पदाधिकारी, खेल निर्णायक, शिक्षक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *