जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर भगवंत ग्लोबल यूनिवर्सिटी के एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फिजियोथेरेपी की उपयोगिता और स्वास्थ्य संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में फार्मेसी विभाग की प्रधानाचार्य डॉ. ज्योति सक्सेना, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शशिकांत तिवारी, एडमिनिस्ट्रेटिव हेड शशि, विभागाध्यक्ष विपिन चंद समेत शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। वक्ताओं ने फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में बढ़ते करियर अवसरों के साथ विभिन्न शारीरिक समस्याओं के उपचार और पुनर्वास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से फिजियोथेरेपी के प्रति लोगों को जागरूक किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में दक्षता हासिल करने और समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. पीएस राणा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर सीखने और नई तकनीकों से जुड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और समाज के लिए उपयोगी सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया।