जेन-जी ने एआई को बताया रोजगार और विकास का नया माध्यम

Spread the love

युवाओं ने कहा तकनीक से दूरी नहीं, बेहतर भविष्य के लिए इसे अपनाना जरूरी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बदलती तकनीकी दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलना समय की जरूरत है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सही इस्तेमाल शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए रास्ते खोल सकता है। यह विचार प्रेक्षागृह में आयोजित जेन-जी संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने साझा किए।


पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। रोजगार और स्वरोजगार के साथ स्टार्टअप, कौशल विकास, एआई, सोशल मीडिया, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और युवाओं की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहे। युवाओं ने कहा कि नई पीढ़ी को सिर्फ नौकरी तलाशने तक सीमित रहने के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रशिक्षण व संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने के साथ कौशल विकास पर विशेष जोर देने की बात कही। एआई और नई तकनीक को लेकर युवाओं ने कहा कि तकनीकी बदलाव को चुनौती के रूप में देखने के बजाय अवसर के तौर पर अपनाया जाना चाहिए। एआई के रचनात्मक इस्तेमाल से पढ़ाई, व्यवसाय और स्वरोजगार के नए मॉडल विकसित किए जा सकते हैं। युवाओं ने तकनीक के जिम्मेदार उपयोग और सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। संवाद के दौरान उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और संसाधनों को बढ़ावा देने की जरूरत भी उठाई गई। युवाओं का कहना था कि स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और ब्रांडिंग उपलब्ध कराई जाए तो प्रदेश के युवाओं के लिए अपने क्षेत्रों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। भाजपा नेता वीरेंद्र रावत ने कहा कि जेन-जी संवाद का उद्देश्य युवाओं की सोच और सुझावों को सामने लाना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं सरकार एवं नीति-निर्माताओं तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष विकास कुमार, शांतनु रावत, रोहिन राणा, रामगोपाल, अनुराग थापा, अतिन रावत, विनोद रावत, विनय नेगी, अनुज रावत, सीमा पुनेरु समेत कई युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *