अपर पुलिस महानिदेशक डॉ0 वी. मुरूगेशन ने किया कोतवाली कोटद्वार का निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक डॉ0 वी. मुरूगेशन द्वारा कोतवाली कोटद्वार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, जनशिकायत निस्तारण व्यवस्था, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर को बेहतर बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। एडीजी ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी को लेकर भी चिंता जताई। कहा कि साइबर ठगी को रोकने के लिए पुलिस को हाईटेक बनाया जा रहा है और पुलिस की तकनीकी क्षमता को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक और सर्तक रहने की अपील की।

एडीजी ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, गोपनीयता एवं संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लिया जाए। अपर पुलिस महानिदेशक ने महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाए रखने, पीड़ित महिलाओं को आवश्यक कानूनी सहायता, परामर्श एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक कोतवाली कोटद्वार पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार कर गार्द का निरीक्षण किया। इसके उपरांत थाना परिसर का भ्रमण करते हुए मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, साइबर सेल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का नरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं रखने तथा कार्यकुशलता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी एवं शिकायतकर्ता की समस्या को सम्मान, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायतों का विधिवत अभिलेखीकरण सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता का नाम, पता, संपर्क विवरण एवं शिकायत का स्पष्ट विवरण दर्ज करने तथा प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गुमशुदगी के मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेने के साथ ही किसी व्यक्ति, महिला अथवा बच्चे के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही नियमानुसार तत्काल एफआईआर पंजीकृत कर बिना किसी विलंब के आवश्यक खोजबीन, सूचना प्रसार एवं वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ करने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर कोेतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डिजिटल सेवाओं एवं जनशिकायत निस्तारण पर विशेष जोर
अपर पुलिस महानिदेशक डॉ0 वी. मुरूगेशन ने सीसीटीएनएस पोर्टल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य ऑनलाइन जनसेवा प्लेटफॉर्म पर दर्ज शिकायतों एवं प्रविष्टियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित विवेचना, प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रभारी निरीक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के प्रति उत्तरदायी एवं परिणाममुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाय।
साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को प्राथमिकता
अपर पुलिस महानिदेशक डॉ0 वी. मुरूगेशन ने साइबर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ निरंतर जनजागरूकता को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश एवं लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी कॉल तथा साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के प्रति नियमित रूप से जागरूक करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।