जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस ने चाचा को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भतीजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किये है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गत शुक्रवार को दर्शन सिंह बिष्ट निवासी नन्दपुर, थाना कोटद्वार ने थाने पर सूचना दी कि उनका भतीजा सुमित बिष्ट उर्फ गपलू पुत्र उत्तम बिष्ट उनको तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस पर तुरंत अभियोग पंजीकृत किया गया। अभियुक्त सुमित बिष्ट उर्फ गपलू जो घटना के तुरंत बाद घर से भाग गया था। विवेचक उपनिरीक्षक मेहराज खान ने पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर बीती शुक्रवार रात्रि में लगभग पौने दस बजे मालन पुल के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त किया गया तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियुक्त को रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।