प्रशिक्षु अधिकारी क्यूंजा गांव में करेंगे ग्राम दर्शन, गांव की विकासात्मक स्थिति का लेंगे जायजा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखंड अगस्त्यमुनि स्थित क्यूंजा गांव में ग्राम दर्शन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को क्षेत्रीय प्रशासन, सहभागी शासन एवं जन-केंद्रित विकास की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।


ग्राम दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी क्यूंजा गांव की विकासात्मक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रत्यक्ष अध्ययन करेंगे। इस दौरान गांव की जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, आधारभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच, स्थानीय संसाधनों तथा प्रमुख समस्याओं से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। एकत्रित आंकड़ों एवं स्थानीय स्तर से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा सूक्ष्म ग्राम विकास रिपोर्ट तैयार की जाएगी। कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी सर्वप्रथम जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत से भेंट कर जनपद की विकासात्मक प्राथमिकताओं, प्रशासनिक व्यवस्था तथा ग्राम स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात क्यूंजा गांव पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से संवाद करेंगे और क्षेत्र की जमीनी आवश्यकताओं, चुनौतियों तथा विकास की संभावनाओं को समझेंगे। ग्राम दर्शन के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर यह भी जानेंगे कि सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ धरातल पर किस प्रकार पहुंच रहा है। साथ ही स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं के आधार पर गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुझावों को भी संकलित किया जाएगा। प्रशिक्षु अधिकारियों में मनमोहन गुसाईं जिला कमांडेंट होमगाड्र्स, ट्रेनी ऑफिसर (पौड़ी गढ़वाल से), ऐश्वर्या भट्ट डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस, ट्रेनी ऑफिसर (चंपावत से), कंचन रावत, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स, ट्रेनी ऑफिसर (उत्तरकाशी से), अंबरीश प्रसाद नौटियाल फाइनेंस ऑफिसर, ट्रेनी ऑफिसर (उत्तरकाशी से), हिमांशु चंद्र जोशी, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स, ट्रेनी ऑफिसर (चंपावत से) का दल शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *