कीर्तिनगर में ब्लॉक लेवल यूथ रिसोर्स सेंटर स्थापित करने की तैयारी

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड स्तर पर ब्लॉक लेवल यूथ रिसोर्स सेंटर स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विकासखंड कीर्तिनगर में भी यूथ रिसोर्स सेंटर की स्थापना के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संजय लिंगवाल ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के निदेशक की ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य के सभी विकासखंडों में ऐसे केंद्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है। अब विभाग ने जिला युवा कल्याण अधिकारियों को विकासखंड मुख्यालय अथवा उसके आसपास केंद्र निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि यूथ रिसोर्स सेंटर युवाओं के लिए बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं का लाभ, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, पर्यटन, साहसिक खेल और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के सर्वांगीण विकास और पलायन रोकने की दिशा में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लिंगवाल ने बताया कि रिसोर्स सेंटर के लिए विकासखंड मुख्यालय परिसर में भूमि की तलाश की जा रही है। अगर यहां भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो मुख्यालय के बाहर भूमि की तलाश की जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *