जनाक्रोश रैली 22 को, तैयारियां तेज
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा शहर की विभिन्न समस्याओं के हल की मांग को लेकर 22 फरवरी को जनाक्रोश रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। संयुक्त संघर्ष समिति ने 22 फरवरी को बाजार बंद का आह्वान किया है। विभिन्न राजनीतिक संगठन, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठनों का जनाक्रोश रैली को समर्थन मिल रहा है।
समिति के अध्यक्ष मनोज रावत अंजुल व मुख्य संयोजक नमन चंदोला ने बताया कि राज्य निर्माण की नींव रखने वाली उत्तराखंड आंदोलन की जननी पौड़ी के साथ पिछले 23 सालों से पक्षपात हो रहा है, अब इसके खिलाफ सबको एकजुट होने की जरुरत है। कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य बनने के 23 सालों बाद भी पौड़ी को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लड़ना पड़ रहा है। आज व्यापारियों की स्थिति यह है कि कई दुकानदार सिर्फ दुकान खोलने और बंद करने तक सीमित रह गये हैं। उन्होंने अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार को सीधे तौर पर दोषी करार देते हुए कहा कि 22 फरवरी को जनता का आक्रोश सड़कों पर होगा। उन्होंने व्यापारियों से पूरे बाजार को बंद कर अपना आक्रोश दिखाने का आह्वान भी किया। दस सूत्रीय मांगों का समाधान अगर जल्द ना हुआ़ तो आगे और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। कहा कि विभिन्न राजनीतिक संगठन, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठनों ने 22 तारीख की जनाक्रोश रैली को अपना समर्थन जाहिर किया है। उन्होंने सभी से जनाक्रोश रैली में अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की है।