जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : करीब एक सप्ताह पूर्व तक बाजार में नींबू की कीमतें आसमान छू रही थी। अस्सी से सौ रूपए में ढाई सौ ग्राम की दर से बिक रहे नींबू पर मौसम की ऐसी मार पड़ी कि आसपास छू रही कीमतें यकायक जमीन पर आ गई। कुछ यही स्थिति तरबूज व खरबूज की भी हो रही है। मौसम में आए बदलाव से तरबूज व खरबूज की कीमतों में भी गिरावट आई है।
करीब एक सप्ताह पूर्व कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में बैरोमीटर का पारा चालीस डिग्री के आंकड़ें को छू रहा था। गर्मी बढ़ी तो जहां जूस की बिक्री बढ़ी, वहीं नींबू की खपत में भी बढ़ोत्तरी हुई। नतीजा, बाजार में नींबू की कीमत साढ़े तीन सौ से चार सौ रूपए तक पहुंच गई थी। लेकिन, मौसम ने करवट ली और बारिश व तेज हवाओं से तापमान में भारी गिरावट आई। नतीजा, नींबू की कीमतों में भी गिरावट आ गई। सोमवार को क्षेत्र में नींबू 180 से 200 रूपए प्रति किग्रा के हिसाब से बिक रहा था। तापमान में आई गिरावट की मार खरबूजा व तरबूज बेचने वाले व्यापारी भी झेल रहे हैं। साहिल ने बताया कि सप्ताह भर पूर्व बाजार में खरबूजा पचास रूपए प्रति किलोग्राम बिक रहा था। लेकिन, बारिश के बाद अब खरबूजे की कीमत तीस-चालीस रूपए किलोग्राम तक पहुंच गई है। जबकि तरबूज की दरों में भी पांच से सात रूपए की कमी आई है। हालांकि, व्यापारियों को भरोसा है कि एक-दो दिन तेज धूप खिलने के बाद एक बार फिर नींबू के साथ ही खरबूज व तरबूज की डिमांड बढ़ेगी।