जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्र संघ सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिता में रैंप वाक करवाए जाने पर छात्रों ने कड़ा विरोध जताया। कहा कि क्विज प्रतियोगिता को हटाकर अब महाविद्यालय में रैंप वाक करवाया जाना ठीक नहीं है। इससे महाविद्यालय की शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में भटकाव की स्थिति पैदा हो रही है।
छात्रों के प्रतिनिधि मंडल ने प्राचार्य प्रो. डा. डीएस नेगी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि महाविद्यालय में छात्रसंघ सप्ताह प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे महाविद्यालय के शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके। पूर्व में महाविद्यालय में छात्रों के ज्ञानवर्धन के लिए क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं। लेकिन, इस बार छात्रसंघ प्रभारी व उनकी समिति ने क्विज प्रतियोगिता को हटाकर रैंप वाक प्रतियोगिता करवाई जा रही है, जो कि महाविद्यालय के शैक्षिणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने के खिलाफ है। कहा कि छात्रसंघ सप्ताह के तहत पूर्व की भांति क्विज प्रतियोगिता को सम्मिलित किया जाए। साथ ही जिन लोगों ने इस प्रकार का कृत्य किया है, उन के खिलाफ उचित कार्यवाही अमल में लाई जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्रसंघ के पूर्व महासचिव शुभम सुयाल, सौरभ रावत, मनीष नेगी, आयुष शामिल रहे।