जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ ने प्रदेश के राज्य सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के जूनियर व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक व कर्मचारियों को तीन माह से वेतन न दिए जाने पर आक्रोश जताया। कहा कि तीन माह से वेतन न मिलने से शिक्षकों व कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष मेजर स्वतंत्र मिश्रा व प्रांतीय महामंत्री डा. महावीर सिंह बिष्ट की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि प्रदेश के राज्य सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय के हजारों शिक्षकों व कर्मचारियों को फरवरी, मार्च व अप्रैल माह का वेतन नहीं मिला है। प्रतिवर्ष शासन की तरफ से वेतन बजट का आवंटन मई माह तक किए जाने के कारण शिक्षकों व कर्मचारियों को प्राय: फरवरी, मार्च, अप्रैल व मई तक वेतन के अभाव में कठिन आर्थिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। वेतन न मिलने के कारण शिक्षकों व कर्मचारियों के समक्ष पारिवारिक, सामाजिक व आर्थिक दायित्वों का निर्वहन करना अत्यंत दुष्कर हो जाता है। अप्रैल माह में नवीन शैक्षिक सत्र प्रारंभ होने व विद्यार्थियों के प्रवेश कार्य के दौरान अतिरिक्त आर्थिक आवश्यकताएं उत्पन्न हो जाती है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र ही वेतन के लिए बजट जारी करने की मांग की है।