नगरपालिका में पिछड़ा वर्ग सर्वेक्षण को हुई जन सुनवाई
पिथौरागढ़। शहरी निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के सर्वेक्षण को जनसुनवाई हुई। लोगों ने एकल सदस्यी समर्पित आयोग के समक्ष अपनी बात रखी। वक्ताओं ने कहा कि वोटरों की संख्यानुसार ही सीट आरक्षित की जाए। बुधवार को नगर के नगरपालिका सभागार में एकल सदस्यी समर्पित आयोग की अध्यक्ष उच्च न्यायालय नैनीताल के पूर्व न्यायमूर्ति बीएस वर्मा, शहरी विकास के सहायक निदेशक विनोद कुमार और पंचायती राज के अपर सचिव ओमकार सिंह ने जनसुनवाई की। इस दौरान सभासद सहित आम जनमानस ने अपने-अपने सुझाव रखें। पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक नबियाल ने कहा कि सीमा पर बसा यह क्षेत्र जनजातिय बाहुल्य क्षेत्र है। मतदाताओं की संख्या के आधार पर ही सीट का आरक्षण निर्धारित होना चाहिए। गोरखा समुदाय के अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि यहां ओबीसी समुदाय के लोग अन्य वर्गो से पिछड़े हुए हैं। निकाय चुनाव में ओबीसी वर्ग को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अनुवाल समुदाय के अध्यक्ष गुमान बिष्ट ने कहा कि पूर्व में सरकार ने 154 जातियों को ओबीसी का दर्जा दिया है। इस कारण ओबीसी की संख्या अधिक है। पूर्व ब्लक प्रमुख नेत्र कुंवर ने कुछ समय पूर्व हुए ओबीसी सर्वे की सूची को सार्वजनिक करने की बात कही। अन्य कई लोगों ने भी अपने सुझाव समिति के समक्ष रखें। यहां सभासद वीरेंद्र गर्ब्याल, जानकी गुंज्याल, प्रेमा कुटियाल, राधा मर्तोलिया, बेला शर्मा, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष डीडीहाट नंदा बिष्ट, कमल कौशल आदि मौजूद रहे।