कोटद्वार-पौड़ी

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ही होंगे व्यापार सभा चुनाव

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जनपद मुख्यालय पौड़ी में व्यापार सभा चुनाव अब पूर्व निर्धारित तिथि 7 मार्च को ही संपन्न होंगे। मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर दो मार्च को मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनाव स्थगित कर दिए थे। लेकिन अब आपत्तियों को निस्तारित कर मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनाव नियत तिथि पर संपन्न कराए जाने का निर्णय लिया है।
मुख्यालय पौड़ी में व्यापार सभा चुनाव प्रक्रिया 25 फरवरी को शुरु हुई थी। 27 फरवरी को अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के पदों पर 8 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। 28 फरवरी को अध्यक्ष व सचिव पद पर एक-एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया था। इसके बाद अध्यक्ष पद पर तीन, कोषाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए थे। जबकि सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा था। लेकिन व्यापारियों द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद 2 मार्च को मुख्य चुनाव अधिकारी कमल किशोर रावत ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल पौड़ी जिलाध्यक्ष व प्रभारी से वार्ता के बाद चुनाव स्थगित किए जाने का निर्णय लिया था। इस बीच मतदाता सूची विवाद को देखते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी कमल किशोर रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। रावत ने कहा कि मतदाता सूची में विवाद को देखते हुए पद से इस्तीफा दिया है। वहीं अब मुख्य चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी राम सिंह रावत को सौंप दी गई है। नए मुख्य चुनाव अधिकारी राम सिंह रावत ने बताया कि मतदाता सूची में आपत्ति दर्ज करने वालों, प्रत्याशियों व व्यापार सभा के निवर्तमान पदाधिकारियों से बातचीत के बाद सभी आपत्तियों का निस्तारण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए नई संशोधित मतदाता सूची भी तैयार कर ली गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी रावत ने बताया अब पूर्व निर्धारित तिथि 7 मार्च को ही व्यापार सभा के चुनाव संपन्न होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!