कोटद्वार-पौड़ी

पूर्व सीएम गैरसैंण के नाम पर कर रहे खोखली राजनीति

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को गैरसैंण और पहाड़ प्रेम को लेकर कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम गैरसैंण के नाम पर केवल खोखली व बरगलाने वाली राजनीति कर रहे हैं। इस खेल के वो पुराने खिलाड़ी है। उन्होंने कहा कि जब वो मुख्यमंत्री थे तो तब उन्होंने अपना पहाड़ प्रेम कहां छुपा कर रखा था।
विपिन कैंथोला ने हरीश रावत से सवाल करते हुए कहा कि अपने शासनकाल में गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी क्यों घोषित नहीं किया। इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी में कितने गहरे मतभेद थे इसका खुलासा भी वह जनता के समक्ष करें। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने जब गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित कर दिया है तो हरीश रावत पहाड़ प्रेम का ढोंग करने लगे है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरीश रावत को यह दिखाना है कि वहीं राज्य कांग्रेस में सबसे अधिक सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जनता हरीश रावत के सारे प्रपंच जानती है, जिसका जवाब उनको जनता 2017 के चुनाव में अच्छी तरह दे चुकी है। उनको 2-2 विधानसभा सीटों पर चुनाव में मुंह की खानी पड़ी थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हरीश रावत को हमेशा से प्रदेश को अस्थिरता की ओर धकेलने का पुराना अनुभव है। वो इस खेल के माहिर खिलाड़ी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के गैरसैंण भ्रमण से भाजपा को कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। क्योंकि जनता अच्छी तरह जानती है कि भाजपा ने जो कहा वो करके दिखा दिया है। पहले राज्य बनाया और अब भाजपा की त्रिवेन्द्र रावत सरकार ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी की घोषणा भी कर दी है। भाजपा की सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में प्रदेश को विकास की जो दिशा दी है वह आज तक के इतिहास में कभी नहीं हुआ। भाजपा जो वादा जनता से करती है उसे निभाना भी जानती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!