यात्रा के वैकल्पिक मार्गों पर लगाएं साइन बोर्ड, मलबा हटाएं

Spread the love

चमोली। चारधाम यात्रा को लेकर जिलाधिकारी और एसपी ने वैकल्पिक मार्ग सिवाई-रानो-कालेश्वर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पार्किंग, वन वे आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने यात्रा के वैकल्पिक मार्ग पर साइन बोर्ड लगाने, पैच भरने और मलबे को हटाने के निर्देश दिए। बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर कालेश्वर और कर्णप्रयाग के बीच मार्ग ठीक नहीं है। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग सिवाई-रानों मोटर मार्ग का सुधारीकरण किया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निरीक्षण करते हुए लोनिवि के अधिकारियों को सड़क किनारे से मलबा हटाने, संकरे स्थानों पर चौड़ीकरण, गड्ढों को पैच वर्क से भरने, साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए मुख्य हाईवे को सही करने के लिए लगातार वार्ता की जा रही है लेकिन वैकल्पिक मार्गों का सुधारीकरण भी अतिआवश्यक है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, वन वे की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर लोनिवि के अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा, अवर अभियंता सुरेंद्र रावत, सहायक अभियंता अमित चौहान आदि मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने ब्लॉक में चल रही जनगणना प्रशिक्षण में भाग लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर बंदी गृह, मालखाना, परिसर, रेस्क्यू उपकरण आदि का निरीक्षण किया। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि कोतवाली में पर्याप्त रेस्क्यू मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *