राजकीय इंटर कॉलेज कुंभीचौड़ में विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

Spread the love

गेप्स के ‘देवभूमि नशामुक्त हो’ अभियान के तहत आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्राम्य एकता प्रगति प्रेमांजलि समागम समिति (गेप्स) के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज कुंभीचौड़ में ‘देवभूमि नशामुक्त हो’ अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति एवं राष्ट्र निर्माण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।


डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। गेप्स के संस्थापक निदेशक राम भरोसा कंडवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा आदर्श एवं संस्कारवान राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड पूर्व सैनिक परिषद के प्रांत महासचिव एवं सेवानिवृत्त कैप्टन सी.पी. डोबरियाल रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला सूचना अधिकारी एवं वयोवृद्ध सत्यनारायण नौटियाल उपस्थित रहे। संस्था के महासचिव इंजीनियर जगत सिंह नेगी ने गेप्स की स्थापना से लेकर अब तक संचालित सामाजिक गतिविधियों एवं जनजागरण अभियानों की जानकारी दी। मनमोहन काला ने राष्ट्र के उत्थान में युवा पीढ़ी की भूमिका पर विचार रखे। इस दौरान रेखा ध्यानी, संपति नेगी ‘संध्या’, रजनी अग्रवाल, प्रधानाचार्य लखपत राज खुगशाल, नंदन सिंह नेगी, सत्यनारायण नौटियाल, अरविंद कुमार वर्मा, संजय कुकरेती एवं राजेंद्र भंडारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन बड़थ्वाल ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

प्रधानाचार्य खुगशाल को मिला मां शारदा सम्मान
शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज कुंभीचौड़ में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य लखपत राज खुगशाल तथा ‘गढ़ गौरव’ मासिक पत्रिका की प्रधान संपादक एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका संपति नेगी ‘संध्या’ को ‘मां शारदा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए योग शिक्षिका रजनी अग्रवाल को ‘योग उपासिका सम्मान’ प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *