श्रीनगर गढ़वाल : श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित 127वें रामलीला मंचन के चौथे दिन बुधवार को राम वनवास की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कैकेयी की भूमिका में पंकज बडोनी और राजा दशरथ के किरदार में डॉ. सुदेश जुगरान ने शानदार अभिनय कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

लीला में मंथरा के बहकावे में आकर कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से राम के लिए 14 वर्ष का वनवास और भरत के लिए राजगद्दी मांगने का प्रसंग दिखाया गया। राम, लक्ष्मण और सीता के वन प्रस्थान के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस बार सीता की भूमिका बाल कलाकार आरुषि डोभाल ने निभाई। सीता का किरदार निभाने वाली कुमुध अपने दादाजी के निधन के कारण मंचन में शामिल नहीं हो सकीं। ऐसे में आरुषि ने महज चार दिन की रिहर्सल के बाद भूमिका निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मंचन में गुरु वशिष्ठ की मनीष बडोनी, सुमंत की बुद्धिबल्लभ उनियाल, मंथरा की पुरण सिंह, कौशल्या की गीता नेगी और सुमित्रा की भूमिका कांता ने निभाई। पाश्र्व गायन में वसुधा गौतम, प्रिया ठक्कर, अनामिका और तनिष्का ने सहयोग दिया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष देवेंद्र मणि मिश्रा, सचिव हिमांशु अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। (एजेंसी)