जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की आकाशयान प्रतियोगिता में कोटद्वार के स्कालर्स एकेडमी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां हासिल कीं। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने के साथ ही स्पेस आर्ट स्पर्धा में भी प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 82 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एयर राकेट्री स्पर्धा में स्कालर्स एकेडमी के प्रणव नेगी और मानविक रावत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं जूनियर स्पेस आर्ट स्पर्धा में विद्यालय की छात्रा वंशिका मधवाल ने अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इधर, वायु और जल के दबाव पर आधारित तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हाइड्रो राकेट्री स्पर्धा में विद्यालय के अर्णव मोघा और आरुष शाह ने बेहतरीन सूझबूझ और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में दोनों ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक जीता। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।