तकनीकी शिक्षा से जुड़े विद्यार्थी, सरकार कर रही प्रयास

Spread the love

कालागढ़ के राजकीय इंटर कॉलेज को मिले कंप्यूटर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि बदलते दौर में विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान हासिल करना भी जरूरी है। बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने मंगलवार को कालागढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को कंप्यूटर वितरित किए।


भारतीय कृषि बीमा कंपनी (एआईसी) और आधारशिला संस्थान की ओर से आयोजित कंप्यूटर वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करते हुए अपने ज्ञान को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके लिए शिक्षा, तकनीक, युवा शक्ति और महिला सशक्तीकरण महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी संसाधन पहुंचाना सरकार के साथ सामाजिक संस्थाओं की भी जिम्मेदारी है। विस अध्यक्ष ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यालय को कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए एआईसी और आधारशिला संस्थान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल समेत मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कालागढ़ मीनाक्षी चौधरी, एआईसी देहरादून के क्षेत्रीय प्रबंधक तरुण कुमार सिंह, आधारशिला संस्थान के संस्थापक नरेश चंद्र घिल्डियाल, प्रधानाचार्य सतीश कुमार, विधायक प्रतिनिधि योगेश कुमार, अतुल नौटियाल, शंकर सिंघल, मयंक सिंह, दीपक नेगी, दीपक मैंदोला, कोमल सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *