राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तिमली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : शनिवार को राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तिमली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के राष्ट्रव्यापी ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया।

शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल यौन शोषण की रोकथाम, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न अथवा शोषण की स्थिति में बच्चों को बिना किसी भय या संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने अधिकारों के संरक्षण का अधिकार है। बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना सुरक्षित बचपन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने छात्राओं को नि:शुल्क विधिक सहायता, प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य गणेश ध्यानी, अधिकार मित्र चतुर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्रों को बताएं कानूनी अधिकार
पौड़ी : कल्जीखाल ब्लॉक के घंडियाल स्थित सरस्वती विद्या विद्या मंदिर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परा विधिक स्वयं सेवी, अधिकार मित्र जगमोहन डांगी द्वारा छात्र-छात्राओं को बच्चों के उनके अधिकारों, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बच्चों को उनके प्रति होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों, बाल अधिकारों के उल्लंघन, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, व्यक्तिगत एवं ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाचार्य संदीप रावत ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, राष्ट निर्माण में उनके योगदान, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया।