जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार की ओर आ रहे लकड़ी की डाट से लदे दो ट्रकों को लैंसडौन वन प्रभाग की एसओजी टीम ने तिलवाड़ांग चेकपोस्ट के समीप पकड़ लिया। दोनों ट्रकों को सीज कर चालकों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।

एसओजी प्रभारी संजय नेगी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तिलवाड़ांग चेकपोस्ट के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दुगड्डा की ओर से आ रहे दो ट्रकों को टीम ने रोक लिया। दोनों ट्रकों पर तिरपाल डाला हुआ था। टीम ने तिरपाल हटाकर जांच की तो दोनों ट्रकों में लकड़ी की डाट लदी मिली। एसओजी टीम प्रभारी ने मामले की जानकारी प्रभागीय वनाधिकारी गौरव वर्मा को दी। डीएफओ के निर्देश पर दोनों ट्रकों को सीज कर दिया गया। डीएफओ गौरव वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ट्रक रात के समय आवागमन कर रहे थे। नियमानुसार वन संपदा का परिवहन सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि दोनों ट्रकों के पास लकड़ी के परिवहन से संबंधित रवन्ना मौजूद था, लेकिन रात में परिवहन किए जाने के मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।