गीता भवन मंदिर में धूमधाम से मनाया गया राधा-कृष्ण आम प्रसाद महोत्सव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री गीता भवन मंदिर में राधा-कृष्ण आम प्रसाद महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान राधा-कृष्ण के विग्रह को विभिन्न प्रजातियों के करीब एक कुंतल आम का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में आकर्षक आम की झांकी सजाई गई और भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान का गुणगान किया।
मंदिर के पीठाधीश्वर रामप्रकाश शर्मा ने कहा कि आम केवल स्वादिष्ट फल ही नहीं, बल्कि भाईचारे, सौहार्द और मंगल का प्रतीक भी है। कहा कि भारतीय संस्कृति में आम का विशेष महत्व है। आम के मौसम में किसी के घर आम भेंट करना सम्मान का प्रतीक माना जाता है। मांगलिक अवसरों पर घरों में आम की पत्तियों की वंदनवार सजाई जाती है, पूजा के कलश पर आम के पत्ते लगाए जाते हैं और हवन में भी आम की लकड़ी का उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि आम सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है और इसके पत्तों का भी विशेष धार्मिक महत्व है। महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और प्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। महोत्सव में श्रद्धालुओं ने आम प्रसाद ग्रहण करने के साथ आध्यात्मिक चर्चा में भी भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को भोजन प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर सेवक मानुजा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास दीप मित्तल, अजय गुप्ता, सुमित गोयल, रमेश कुमार सिंघल, विनय शर्मा, राजेश अग्रवाल, राजकुमार छाबड़ा, व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सुबोध अग्रवाल, रिंकू गर्ग, हरीश नारंग, अंजलि अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, शशि शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *