अधूरी बाढ़ सुरक्षा दीवार पर पार्षद ने जताई नाराजगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या सात स्थित कौड़िया क्षेत्र में काली मंदिर रोड के समीप बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण अधूरा छोड़े जाने पर पार्षद सुभाष पांडे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने वर्षाकाल से पहले निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ तो नाले का पानी आबादी क्षेत्र में घुसकर भारी नुकसान पहुंचा सकता है।
पार्षद सुभाष पांडे ने नगर आयुक्त पी.एल. शाह को ज्ञापन सौंपकर बताया कि काली मंदिर रोड के निकट स्थित नाले पर नगर निगम की ओर से बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन कार्य बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि अधूरी दीवार के कारण बरसात के दौरान नाले का पानी सीधे आबादी की ओर रुख कर सकता है, जिससे जल भराव और नुकसान की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में भी सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण नाले का पानी कई घरों में घुस गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने नगर निगम से वर्षाकाल शुरू होने से पहले बाढ़ सुरक्षा दीवार के शेष निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *