जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जनपद पौड़ी के विकासखंड जयहरीखाल के दूरस्थ गांव मेरूड़ा की बेटी अंकिता ध्यानी ने जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। अंकिता ने 3000 मीटर स्टेपलचेज स्पर्धा में निर्धारित क्वालीफाइंग समय से बेहतर प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में अपना स्थान पक्का किया। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में होगा।
किसान महिमामंद ध्यानी और लक्ष्मी देवी की पुत्री अंकिता ने सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। वर्तमान में वह 3000 मीटर स्टेपलचेज स्पर्धा में विश्व रैंकिंग में 1198 अंकों के साथ 42वें स्थान पर हैं। अंकिता वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में भी 5000 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। इन दिनों भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिव में अंकिता ने 3000 मीटर स्टेपलचेज दौड़ 9 मिनट 44.05 सेकंड में पूरी की। एशियन गेम्स के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग समय 9 मिनट 47.53 सेकंड था। अंकिता ने निर्धारित समय से बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर एशियन गेम्स का टिकट पक्का किया। इस वर्ष 27 जून को आयोजित इसी चैंपियनशिव में उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक भी जीता। इससे पहले मई में रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में अंकिता ने 3000 मीटर स्टेपलचेज में स्वर्ण और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अंकिता की इस उपलब्धि से पूरे जयहरीखाल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एशियन गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।