भारतीय नाविकों की मौत पर राहुल गांधी बोले- समझौता कर चुके प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं बोले

Spread the love

नईदिल्ली ईरान के नियंत्रण वाले होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर 3 जहाजों पर अमेरिकी हमले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक्स पर लिखा कि 3 दिन में 3 जहाजों पर अमेरिकी हमलों में 3 भारतीयों की मौत हो चुकी है, लेकिन समझौता कर चुके प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकते।
राहुल ने एक्स पर लिखा कि अंतरराष्ट्रीय जल में 3 दिन में 3 जहाज़ों पर अमेरिकी हमलों में 3 भारतीयों की मृत्यु हो गई और हमारे कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री? एक शब्द तक नहीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब कोई विदेशी ताकत किसी भारतीय की हत्या करे, तो प्रधानमंत्री को बोलना पड़ता है, लेकिन मजाल है जो ये एक शब्द बोल जाएं।
राहुल ने आगे कहा कि अगले हफ्ते जी -7 में, हमारे नाविकों की हत्या के बस चंद दिनों बाद, मोदीजी मुस्कुराएंगे, गले मिलेंगे और समझौते करेंगे- मगर, उन 3 भारतीयों के लिए उनके पास एक शब्द भी नहीं होगा। उन्होंने लिखा कि कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकते, क्योंकि जिन्होंने उन बेटों की जान ली उन्हें नाराज करने की इनमें न हिम्मत है, न ताकत।
प्रधानमंत्री मोदी ने नाविकों की मौत और अमेरिकी हमले को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया, जिसको लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी को एक्स पर टैग कर लिखा, मोदी सरकार अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारतीयों की जान बचाने में बार-बार नाकाम रही। यह दुखद और परेशान करने वाली बात है कि प्रधानमंत्री के पास जश्न मनाने का तो समय है, लेकिन भारतीयों की हत्या करने वाली अमेरिकी सेना की निंदा करने का समय नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *