अल्मोड़ा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों और औषधि प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन मिलने पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि बसोली, ताकुला समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित औषधि प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान फर्मों के अभिलेख, औषधियों के भंडारण की व्यवस्था, क्रय-विक्रय विवरण, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और दवाइयों की गुणवत्ता मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। जनस्वास्थ्य को देखते हुए एक फर्म के औषधि लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति की गई है, जबकि दो फर्मों की बिक्री और खरीद गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। एफडीए टीम ने संदेहास्पद गुणवत्ता वाली दवाइयों के दो नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए हैं, जिन्हें परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी औषधि विक्रेताओं को दवाइयों के भंडारण, विक्रय और अभिलेखों के रखरखाव में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।