ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, रैडा-कमलखेत मार्ग के निर्माण की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ग्राम रैडा से राजकीय इंटर कॉलेज कमलखेत को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। क्षेत्र में कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घटने का अंदेशा बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह संपर्क मार्ग पिछले साल 2025 में भी आपदा के दौरान टूट गया था। उस समय आपदा प्रबंधन विभाग को तुरंत सूचित करने के बाद भी शासन-प्रशासन के स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। थक-हारकर ग्रामीणों ने अपने स्तर से चंदा और श्रमदान कर इस मार्ग को आवाजाही लायक बनाया था, लेकिन हाल ही में हुई भारी बारिश ने इसे एक बार फिर पूरी तरह से बहा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी सतपुली को ज्ञापन सौंपा और मार्ग के नवनिर्माण की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत पर मामले का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी को स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके तुरंत बाद नायब तहसीलदार सतपुली ने संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक कानूनगो और राजस्व उपनिरीक्षक को इस प्रकरण की तत्काल जांच कर समय से अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिये। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही क्षतिग्रस्त मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र में पढ़ाई कर रहे बच्चों का भविष्य और ग्रामीणों का जीवन पूरी तरह संकट में पड़ जाएगा।