श्रीनगर गढ़वाल : स्थानीय युवाओं के विरोध के कारण बृहस्पतिवार दोपहर से श्रीनगर के जीआईटीआई, स्वीत व डुंगरीपंथ साइट पर बंद पड़ा रेलवे परियोजना का कार्य शुक्रवार को फिर शुरू हो गया। कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद लिखित आश्वासन दिए जाने पर गतिरोध समाप्त हुआ। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर जोशी के नेतृत्व में स्थानीय युवाओं व व्यवसायियों ने कंपनी में रोजगार पर लगे युवाओं को हटाए जाने व कंपनी कार्यों के लिए किए गए सामान की खरीदारी का भुगतान न करने पर बृहस्पतिवार को रेलवे परियोजना का कार्य रोक दिया था। शुक्रवार को दोपहर एक बजे ऋत्विक कंपनी प्रबंधन की ओर कंपनी के एचआर हेड देवेंद्र सिंह तथा लायजन ऑफिसर रविंद्र ममगाईं की ओर से लिखित सहमति पत्र दिया गया। इसके तहत परियोजना का कार्य पूरा होने पर संबंधित कर्मियों को कंपनी में एडजस्ट करने के साथ ही स्थानीय व्यवसायियों के बकाया भुगतान 8 और 9 जुलाई तक करने का आश्वासन दिया गया। अन्य लंबित मामलों पर भी शीघ्र निस्तारण की सहमति बनी। इसके बाद रेलवे परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया। इस मौके पर पंकज रावत, रोहित, विजय गुनसोला, मयंक जोशी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)