जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बुधवार को हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रूक-रूककर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। मौसम सुहावना होने से लोगों ने घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लिया।
पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। दो दिन पहले हुई हल्की बारिश से उमस बढ़ गई थी, लेकिन बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और अच्छी बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब दस बजे से दोपहर तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। लगातार गर्मी के कारण कई फसलें प्रभावित हो रही थीं और खेतों में नमी की कमी बनी हुई थी। ऐसे में यह बारिश फसलों के लिए राहत लेकर आई है। वहीं, स्कूली बच्चों ने भी बारिश का भरपूर आनंद लिया और मौसम के बदलते मिजाज का लुत्फ उठाया।