राजतंत्र वापसी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे नेपाली नागरिक
-राजा लाओ देश बचाओ के नारे लगाए
पिथौरागढ़। नेपाल में कम्युनिष्ट सरकार से परेशान लोगों का हौसला आखिरकार जवाब दे गया। नेपाली नागरिक राजतंत्र वापसी की मांग पर सड़कों पर उतर आए हैं। नेपाली नागरिकों ने धनगड़ी महानगर में ओली सरकार को फेल बताते हुए राजा लाओ देश बचाओ के नारे लगाए। पूरा क्षेत्र इन नारों से गूंज उठा। नेपाल में सत्तारूढ़ ओली सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज नेपाली नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने ओली सरकार को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए राजतंत्र वापसी की मांग की। धनगड़ी महानगर सहित विभिन्न राज्यों की सड़कों पर नागरिकों ने बाइक रैली निकालकर राजतंत्र लाओ देश बचाओ के नारे लगाए। उन्होंने कहा नेपाल सरकार जबरन पड़ोसी देशों से गतिरोध पैदा कर विवाद को बढ़ावा दे रही है। कोरोना महामारी से अपने लोगों को सुरक्षित बचाने में यह सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। सत्ता के मद में चूर जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह भुला चुकी सरकार से बेहतर राजतंत्र की बहाली है। कहा विकास की दौड़ में पिछड़े नेपाल का राजतंत्र की बहाली पर ही विकास संभव है। चेतावनी देते हुए कहा देश में राजतंत्र की वापसी नहीं होने तक वह आंदोलन जारी रखेंगे। नेपाली नागरिकों के सड़कों पर उतरने से वहां के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का माहौल गर्म है।