खिलाड़ियों के उत्साहवद्र्धन को निकाली रैली
ऋषिकेश। ओलंपिक से पहले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए रविवार को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें खेल जगत से जुड़े लोगों ने हरिद्वार की हॉकी खिलाड़ी वंदना के समर्थन में नारेबाजी की। इस मौके पर टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई। रविवार को पुराने रेलवे स्टेशन पर खेल जगत फाउंडेशन उत्तराखंड की टोक्यो ओलंपिक जागरूकता रैली को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के विशेष कार्याधिकारी ताजेंद्र सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में वंदना के साथ अन्य भारतीय खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। पूर्व दर्जाधारी कृष्ण कुमार सिंघल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, खेल प्रेमी डीपी रतूड़ी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। रैली आयोजक शिवानी गुप्ता ने बताया टोक्यो ओलंपिक जागरूकता रैली ऋषिकेश से हरिद्वार होते हुए देहरादून में जाकर संपन्न होगी। जागरूकता रैली का उद्देश्य भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है। मौके पर सरोजनी थपलियाल, पंकज गुप्ता, सुमित सेठी, सीमा रानी, कपिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।