उत्तराखंड

टिहरी में पूर्व पीएम राजीव गांधी को किया याद

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई टिहरी। संचार क्रांति के अग्रदूत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्घांजलि दी। याद में एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया। गोष्ठी में वक्ताओं ने स्व राजीव गांधी के जीवन एवं देश हित के लिए उनके कामों को याद किया। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुरारीलाल खंडवाल ने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए जो भी कदम उठाए वे ऐतिहासिक हैं। उन्होंने पंचायतों को मजबूत करके गांव के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के विकास का रास्ता प्रशस्त किया। खंडवाल ने कहा राजीव गांधी जी का व्यक्तित्व अपने आप में युवाओं और मातृशक्ति को आकर्षित करने वाला था। उन्होंने अपना विशेष योगदान महिलाओं एवं युवाओं को समाज में नेतृत्व देने के लिए दिया जिसको सदैव याद किया जाएगा। पूर्व प्रधान मेहरबान सिंह नेगी ने कहा कि राजीव गांधी केवल देश के ही नहीं बल्कि विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले एक नौजवान नेता के रूप में जाने जाते हैं। यदि आज वे हमारे बीच होते तो निश्चित रूप से आज भी भारत का नेतृत्व कर रहे होते। विचार गोष्ठी का संचालन करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने कहा कि गांधी परिवार का इतिहास इस देश और समाज के लिए प्रेरणादायक है। राजीव व इंदिरा गांधी की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव मुशर्रफ अली, प्रदेश सचिव कुलदीप पंवार, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव लखबीर सिंह चौहान, युवा कांग्रेस टिहरी के अध्यक्ष नवीन सेमवाल, ब्लक अध्यक्ष मान सिंह रौतेला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, खुशीलाल, संजय रावत, किशोर सिंह मंद्रवाल, अजय पाल पंवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!