ओवरटेक को लेकर विवाद में रेस्टोरेंट संचालक का सिर फोड़ा

Spread the love

देहरादून। ओवरटेक को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने रेस्टोरेंट संचालक पर हमला कर दिया। दो वाहन में सवार होकर आए दो युवकों और दो युवतियों ने बीच सड़क पर युवक की गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और लोहे के कड़े से वार कर उसका सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने आई बहन के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने तीन नामजद समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। नेहरू कॉलोनी निवासी तनीषा सचदेवा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते शनिवार को उनका भाई आयुष सचदेवा घर से आराघर स्थित अपने रेस्टोरेंट जा रहा था। आराघर के पास दो वाहनों में सवार दो लड़कियों और दो लड़कों ने आयुष की गाड़ी को ओवरटेक कर जबरन रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने आयुष के साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। पीछे से मौके पर पहुंची तनीषा ने जब बात करनी चाही तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसी दौरान आरोपियों ने आयुष के सिर पर लोहे के कड़े से जोरदार वार कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि तनीषा की शिकायत पर आरोपी दिव्या सिंह, प्रवीन सिंह नेगी, कंचन सिंह रावत और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *