बाजार खुलने वाले सभी दिन शहर में भारी वाहनों पर प्रतिबंध
रुद्रपुर। सीओ यातायात ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने को बाजार खुलने वाले सभी दिन शहर में भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को बाजार खुलने के कारण शहर में भारी वाहनों के प्रवेश में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। शुक्रवार को सीओ यातायात भूपेंद्र भंडारी ने बताया कि शहर में अधिकतर दुकानें खुलने के चलते बाजारों में लोगों की चहलपहल रहती है। इसके चलते शहर में जाम की स्थितियां व भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने बताया कि जिस दिन बाजारों को खोला जाने के आदेश हैं, उस दिन सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश में प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लघंन करने वाले संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।