जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय (बीजीयू) में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) विमल पाण्डेय ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणाम और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यशाला में दुर्घटना के दौरान अपनाई जाने वाली त्वरित प्रतिक्रिया और प्राथमिक सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने विद्यार्थियों को वाहन चलाने से पहले सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।