जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नजीबाबाद चौराह से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़ हजारों का सामान साफ कर दिया। दुकान स्वामी की ओर से इस संबंध में पुलिस से शिकायत की गई है।
जानकारी के अनुसार दुकान स्वामी अजय जोशी रविवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान में रखे एक काउंटर का ताला टूटा हुआ है और आसपास सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर काउंटर के भीतर रखा बीड़ी, सिगरेट, माचिस, गुटखा सहित अन्य सामान गायब मिला। दुकान स्वामी के अनुसार चोर करीब आठ हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तत्काल बाजार चौकी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के समीप नजीबाबाद चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वहीं, मुख्य चौराहे पर रातभर पुलिस की तैनाती और गश्त का दावा भी किया जाता है। इसके बावजूद चौकी के नजदीक चोरी की घटना होने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।