ट्रेचिंग ग्राउंड के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत कंचपुरी हल्दूखाता में प्रस्तावित ट्रेंचिंग ग्राउंड के विरोध में लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कहा कि यदि कंचनपुरी क्षेत्र में ट्रेंचिंग ग्रउंड बना तो लोग आंदोलन को तेज करेंगे।
सोमवार को क्षेत्रीय लोग कंचनपुरी कूड़ा निस्तारण केंद्र विरोध संघर्ष समिति के बैनर तले मालवीय उद्यान के समीप एकत्रित हुए। यहां से वह जुलूस के रूप में तहसील परिसर में पहुंचे। लोगों ने कहा कि ट्रेचिंग ग्राउंड बनने के बाद नगर निगम के 40 वार्डों का कूड़ा यहां आएगा, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित स्थल के आसपास शिक्षण संस्थान और कार्यालय स्थित हैं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वक्ताओं ने दावा किया कि सर्वे ऑफ इंडिया के नक्शों के अनुसार प्रस्तावित स्थल पर कभी मालन नदी की सहायक रतनाल नदी बहती थी। साथ ही यह मार्ग प्रसिद्ध कण्वाश्रम को भी जाता है, जिससे पर्यटन गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर ट्रेचिंग ग्राउंड को अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग की। प्रदर्शन में क्षेत्रीय पार्षद मनीष नैथानी, सूरज प्रसाद कांति, बेरोजगार महासंघ के अध्यक्ष राम कंडवाल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *